श्रेयांश सिंह:खैरागढ़
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक चंद्र ठाकुर मंगलवार को दो दिवसीय प्रवास पर खैरागढ़ पहुँचे। उनके आगमन पर ठेलकाडीह में पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वे जिला भाजपा कार्यालय पहुँचे, जहाँ कार्यकर्ताओं और नेताओं ने नारेबाजी और पुष्पहारों के साथ उनका अभिनंदन किया।
कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा कि किसानों की समृद्धि ही राष्ट्र की शक्ति है। डबल इंजन की सरकार किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी हर कार्यकर्ता को गाँव-गाँव तक पहुँचाना चाहिए।
बुधवार को स्थानीय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार किसानों के जीवन स्तर को ऊँचा उठाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार जैसी योजनाएँ सीधे किसानों को लाभ पहुँचा रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के निर्देश पर वे पूरे प्रदेश में प्रवास कर किसानों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, घम्मन साहू,नगर पालिका अध्यक्ष गिरजानंद चंद्राकर, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा, शैलेन्द्र त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Live Cricket Info
CG Mahtari News Stay Informed, Simply with CG Mahtari News!





