श्रेयांश सिंह खैरागढ़ –
नगर पालिका परिषद खैरागढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत विभिन्न वार्डों के 30 से अधिक हितग्राहियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। नगर पालिका सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों के चेहरे पर अपने खुद के घर का सपना साकार होने की खुशी साफ झलक रही थी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह उपस्थित रहे। साथ ही नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, उपाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक खान, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, पार्षद रूपेंद्र रजक, विनय देवांगन, अजय जैन, भाजयुमो जिलाध्यक्ष आयश सिंह, शहर अध्यक्ष अनीश सिंह, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा, मंजीत सिंह, नंद चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीयजन भी शामिल हुए।
अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना एक घर हो। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जनकल्याणकारी नीतियों के कारण यह सपना साकार हो रहा है।
मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह ने नगर विकास को लेकर सभी जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका के कर्मचारियों से मिलकर समर्पण के साथ कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि जब खैरागढ़ को “बेस्ट नगर पालिका” का पुरस्कार मिला था, उस समय वे अध्यक्ष थे और सभी के सामूहिक प्रयास से यह संभव हुआ था। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा नगर के लिए की गई घोषणाओं के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि अनुभव और सहयोग से खैरागढ़ को फिर से एक आदर्श नगर बनाया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने ठेकेदारों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि जिन लोगों ने विकास कार्य अधूरे छोड़ रखे हैं, उन्हें अब सुधर जाना होगा। नगर के विकास में अब किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी कोमल ठाकुर ने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पीएम आवास योजना के माध्यम से आम नागरिकों का घर का सपना साकार हो रहा है, जो पूरे नगर के लिए गर्व की बात है।
प्रमाण पत्र प्राप्त कर लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि अब उनका “अपना घर” का सपना जल्द ही सच्चाई बन जाएगा।
Live Cricket Info