श्रेयांश सिंह:खैरागढ़
जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 09 की सदस्य शताक्षी देवव्रत सिंह ने अपने चुनावी वादे को निभाते हुए ग्राम बीजलदेही के वार्ड क्रमांक 10, बजरंग पारा में नाली निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। यह क्षेत्र लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रहा था, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। शुक्रवार को आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में शताक्षी सिंह की ओर से उनके भाई आर्यव्रत देवव्रत सिंह शामिल हुए और नाली निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।
बरसात में गलियां बदल जाती थीं तालाब में
वार्ड क्रमांक 10 की गलियों में नाली की व्यवस्था न होने से हर साल बरसात के मौसम में गलियां तालाब का रूप ले लेती थीं। घरों और गलियों में गंदा पानी जमा होने से बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता था, जिससे बीमारियों का खतरा भी बना रहता था।
इस समस्या को लेकर वार्डवासियों ने कई बार शिकायत की, लेकिन वर्षों तक कोई समाधान नहीं हो पाया।
चुनाव के दौरान मिला था समाधान का आश्वासन
जिला पंचायत चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने यह मुद्दा शताक्षी सिंह के सामने उठाया था। उस समय उन्होंने वादा किया था कि यदि वे जिला पंचायत सदस्य चुनी जाती हैं तो इस समस्या का स्थायी समाधान करेंगी।
अब उन्होंने अपने वादे को निभाते हुए अपनी विकास निधि से नाली निर्माण कार्य को मंजूरी दिलाई।
आर्यव्रत सिंह बोले – विकास कार्यों में नहीं होगी कोई कमी
भूमिपूजन कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए आर्यव्रत देवव्रत सिंह ने कहा, “ग्रामवासियों ने हमेशा हमारे परिवार पर विश्वास किया है। यह विश्वास हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हम क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं आने देंगे। जो भी वादे आपसे किए गए हैं, उन्हें पूरा करना हमारा कर्तव्य है।”
उन्होंने ग्रामीणों से एकजुट होकर विकास कार्यों में सहयोग की अपील भी की।
राजा देवव्रत सिंह के योगदान को किया याद
ग्राम पंचायत राहूद के सरपंच तेजराम वर्मा ने अपने उद्बोधन में पूर्व विधायक और पूर्व सांसद स्व. राजा देवव्रत सिंह को याद किया। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से ही ग्राम कामठा से ग्राम बीजलदेही को जोड़ने वाला 15 करोड़ रुपए की लागत से बना उच्च स्तरीय पुल तैयार हुआ था।
तेजराम वर्मा ने कहा, “आज यह पुल क्षेत्र की लाइफ लाइन है। स्व. राजा साहब हमेशा ग्रामीणों के दिलों में बसते हैं। आर्यव्रत में हमें उन्हीं का समर्पण और सेवा भाव नजर आता है।”
और भी विकास कार्य होंगे पूरे – शताक्षी सिंह
ग्रामवासियों ने इस कार्य के लिए शताक्षी सिंह का आभार जताया और कहा कि अब बरसात में जलभराव की समस्या नहीं रहेगी। इससे स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी सुधार होगा।
शताक्षी सिंह ने संदेश के माध्यम से कहा कि यह नाली निर्माण कार्य सिर्फ शुरुआत है। आने वाले समय में और भी विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी।
बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी
भूमिपूजन कार्यक्रम में जनपद सदस्य निर्मला उमेश वर्मा, पार्षद पुरुषोत्तम वर्मा, नित्य शरण सिंह, शत्रुघ्न वर्मा, सतीश वर्मा, नरेंद्र वर्मा, ग्राम पंचायत के पदाधिकारी और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने भूमिपूजन को क्षेत्र के विकास की नई शुरुआत बताते हुए खुशी व्यक्त की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और गणेश आरती में शामिल हुए आर्यव्रत
भूमिपूजन के बाद आर्यव्रत सिंह ने ग्राम पेटी में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय कलाकारों ने विविध प्रस्तुतियां दीं।
इसके बाद उन्होंने बिजलदेही, ग्राम पेटी और गोल बाजार खैरागढ़ के गणेश पंडालों में आरती में शामिल होकर श्रद्धालुओं के साथ भगवान गणेश की आराधना की और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
नाली निर्माण से बरसों पुरानी समस्या का होगा अंत
नाली निर्माण कार्य से वार्डवासियों को वर्षों से हो रही परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले बरसात में गलियों में घुटनों तक पानी भर जाता था। अब इस निर्माण से न केवल जलभराव की समस्या खत्म होगी, बल्कि स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था में भी सुधार होगा।
Live Cricket Info
CG Mahtari News Stay Informed, Simply with CG Mahtari News!







