ग्राम विकास को दी प्राथमिकता, कहा – ग्राम ही देश की नींव हैं
श्रेयांश सिंह:खैरागढ़, राहुद –
अपने चुनावी वादे को निभाते हुए जिला पंचायत सदस्य शताक्षी देवव्रत सिंह ने ग्राम राहूद में सामुदायिक भवन निर्माण का भूमि पूजन किया। यह भवन उनके विकास निधि मद से स्वीकृत किया गया है। भूमि पूजन कार्यक्रम में शताक्षी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
इस अवसर पर उन्होंने ग्राम सरपंच तेजराम वर्मा और ग्राम प्रमुखों के साथ वार्ड क्रमांक 3-4 और 8-9 की उन गलियों का निरीक्षण भी किया, जो बारिश से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं।
अपने उद्बोधन में शताक्षी सिंह ने कहा – “ग्राम ही देश की नींव होते हैं, विकास की गति रुकनी नहीं चाहिए। राहूद हमारे दिल में बसता है और यहां की हर मांग और विकास कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी।”
पूर्व जनपद उपाध्यक्ष बंसीलाल वर्मा ने कहा कि यह कार्य स्वर्गीय राजा देवव्रत सिंह जी की घोषणा थी। उनके आकस्मिक निधन के बाद उनकी सुपुत्री ने इस कार्य की नींव रखकर यह साबित कर दिया है कि वे अपने पिता की तरह ही काबिल और संवेदनशील हैं। वहीं ग्राम सरपंच तेजराम वर्मा ने इस बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करने पर समस्त ग्रामवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से शताक्षी देवव्रत सिंह के अलावा जनपद सदस्य निर्मला उमेश वर्मा, तेजराम वर्मा, बबला वर्मा, राजेन्द्र वर्मा, बंशीलाल वर्मा, बीरबल वर्मा, रंजीत रजक, मन्नू वर्मा, गौकरण वर्मा, विनोद नेताम, कलीराम बंजारे, नित्य शरण सिंह सहित आसपास के गांवों के सरपंच, महिला समूह की बहनें और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद शताक्षी ने ग्रामीणों से सीधी बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना और समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह और खुशी का माहौल रहा।
Live Cricket Info