श्रेयांश सिंह:खैरागढ़
कांग्रेस नेतृत्व सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों की कथित कार्रवाई के विरोध में सोमवार को जिला मुख्यालय खैरागढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला, ब्लॉक और शहर कांग्रेस कमेटियों के संयुक्त नेतृत्व में टैंपो चौक में प्रधानमंत्री व ईडी का पुतला दहन किया गया।
पुतला दहन रोकने पहुँची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष को डराने की कोशिश कर रही है। उनका कहना है कि कांग्रेस ऐसी नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन में डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, जिला अध्यक्ष कोमल साहू, ब्लॉक अध्यक्ष आकाशदीप सिंह, शहर अध्यक्ष भीखम छाजेड़, जिला पंचायत सदस्य शताक्षी सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा, “केंद्र सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष को दबाने की कोशिश कर रही है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध है।”
जिलाध्यक्ष कोमल साहू ने कहा, “यह सिर्फ कांग्रेस की लड़ाई नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा का आंदोलन है। यदि दमनकारी रवैया नहीं रुका तो संघर्ष और तेज़ करेंगे।”
स्थानीय विधायक यशोदा वर्मा नहीं पहुँचीं, कार्यकर्ताओं में चर्चा
प्रदर्शन में डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल तो मौजूद रहीं, लेकिन स्थानीय विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही। नगर पालिका के कई कांग्रेसी पार्षद और स्थानीय नेता भी मौके पर नहीं पहुंचे।
इस पर जिलाध्यक्ष कोमल साहू ने कहा, “विधायक के पास संभवतः पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रहा होगा। जो कार्यकर्ता संगठन के साथ काम करना चाहते हैं, वे हमारे साथ हैं। गुटबाजी करने वाले खुद अलग हो जाते हैं।”
ये नेता व कार्यकर्ता रहे शामिल
गजेंद्र ठाकरे, शताक्षी देवव्रत सिंह, रामकुमार पटेल, रज्जाक खान, विजय वर्मा, दिलीप लहरें, देवराज किशोर दास, पुरुषोत्तम वर्मा, शत्रुघ्न घृतलहरे, जितेंद्र सिंह गौर, अल्ताफ अली, लाल अमित सिंह,रवींद्र सिंह, नदीम मेमन, पलाश सिंह, दीपक वैष्णव, सुरेंद्र सिंह, मनोज बैद, नित्यशरण सिंह, राजा सोलंकी, संदीप सिरमौर, यतेंद्र जीत सिंह, विनोद यादव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Live Cricket Info
CG Mahtari News Stay Informed, Simply with CG Mahtari News!





