श्रेयांश सिंह:खैरागढ़ –
इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ में कार्यरत गैर शिक्षक कर्मचारियों ने अपनी वर्षों पुरानी लंबित मांगों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन को चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है। कर्मचारियों ने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा है कि यदि समय रहते मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए बाध्य होंगे।
पूर्व में 22 नवम्बर 2024 और 16 जून 2025 को कर्मचारियों ने कुलसचिव को मांगपत्र सौंपे थे, लेकिन अधिकांश बिंदुओं पर आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
10 जुलाई को आंदोलन की शुरुआत करते हुए कर्मचारियों ने कैंपस-2 में काली पट्टी बांधकर कार्य किया और शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। यह विरोध चरणबद्ध आंदोलन की पहली कड़ी है।
कर्मचारी संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रशासन अब भी गंभीर नहीं हुआ, तो
- 14 जुलाई को सभी कर्मचारी सामूहिक अवकाश लेकर धरना देंगे, और
- 17 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
12 सूत्रीय प्रमुख मांगें:
- वरिष्ठता सूची में सुधार
- दैनिक वेतनभोगियों की बहाली
- समयमान वेतनमान का लाभ
- पदोन्नति प्रक्रिया में पारदर्शिता
- पुरानी पेंशन योजना की बहाली
- रोस्टर पद्धति में स्पष्टता
- एकल पदों पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए पदोन्नति चैनल
- सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित प्रकरणों का निराकरण
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रखर शरण सिंह का कहना है कि इन मांगों को लेकर बार-बार आग्रह करने के बावजूद प्रशासन की चुप्पी निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि अगर समाधान नहीं निकाला गया तो पूरे विश्वविद्यालय का कामकाज प्रभावित हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
कुलसचिव का पक्ष:
कुलसचिव डॉ. सौमित्र तिवारी ने कर्मचारियों की नाराजगी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि
“हम उनकी 12 सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। प्रमुख मांग, वरिष्ठता सूची में सुधार के लिए विशेष कमेटी गठित की जा चुकी है। दूसरी बड़ी मांग 42 निकाले गए कर्मचारियों की वापसी को लेकर है – कि उन्हें वापस नहीं लिया जा रहा। गर्मी की छुट्टियों के कारण विश्वविद्यालय में छात्रों की अनुपस्थिति के चलते कुछ कर्मचारियों को अस्थायी रूप से हटाया गया था, अब विश्वविद्यालय खुल चुका है कई कर्मचारियों को वापस बुलाया जा चुका है और जो बाकी है उन्हें भी जल्द वापस ले लिया जाएगा।”
Live Cricket Info
CG Mahtari News Stay Informed, Simply with CG Mahtari News!

