भाजपा ने कहा – “ये मिशन संडे नहीं, मिशन फंडे है”
श्रेयांश सिंह:खैरागढ़
कांग्रेस के भीतर चल रही “मिशन संडे बनाम संगठन” की जंग अब सियासी तूल पकड़ चुकी है। कांग्रेस के भीतर के इस विवाद पर अब भाजपा ने भी एंट्री ले ली है। भाजपा ने कांग्रेस की इस अंदरूनी कलह को “कमीशन और कन्फ्यूजन की जंग” बताते हुए “मिशन संडे” को निशाने पर लिया है।
भाजपा का आरोप है कि “मिशन संडे” दरअसल कांग्रेस के भीतर चल रहा एक वसूली अभियान है, जिसे अब जनता के बीच “मिशन फंडे” कहा जाना चाहिए। भाजपा नेताओं का कहना है कि मिशन संडे टीम कांग्रेस शासनकाल के कार्यों में ही भ्रष्टाचार बताकर राजनीतिक जमीन तलाश रही है, और कांग्रेस विधायक इसके पीछे से संरक्षण दे रहे हैं।
तीन नेताओं पर निष्कासन की अनुशंसा, कांग्रेस में खुला टकराव
कांग्रेस संगठन और मिशन संडे टीम के बीच पिछले कई महीनों से चल रहा विवाद अब सार्वजनिक टकराव में बदल गया है। हाल ही में छुईखदान में हुई संगठन बैठक में मिशन संडे के तीन प्रमुख नेताओं — मनराखन देवांगन, दीपक देवांगन और डॉ. अरुण भारद्वाज — पर पार्टी विरोधी गतिविधियों और ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाते हुए निष्कासन की अनुशंसा की गई।
संगठन का आरोप है कि मिशन संडे टीम समानांतर मंच बनाकर लोकप्रियता और फंड बटोरने का काम कर रही है। वहीं टीम के नेता दावा कर रहे हैं कि वे विधायक यशोदा वर्मा के निर्देशन में जनहित के मुद्दों पर कार्य कर रहे हैं।
“लोकप्रियता की चाह में चल रहा फंड का खेल” — घम्मन साहू
भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष घम्मन साहू और जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला।
साहू ने कहा, “नगर पालिका चुनाव में हार के बाद मनराखन देवांगन ने मिशन संडे बनाकर लोकप्रियता पाने की रणनीति बनाई। वे उन्हीं कामों में भ्रष्टाचार खोजने निकले जो उनके ही शासनकाल में हुए थे। शुरू में फोटोबाजी, फिर फंडबाजी — यही है मिशन संडे का सच।”
उन्होंने कहा, “ये हमारे आरोप नहीं हैं, बल्कि कांग्रेस संगठन खुद अपने कार्यकर्ताओं पर यही आरोप लगा रहा है। जब संगठन ब्लैकमेलिंग के आरोप लगा रहा है, तब विधायक मंच से उनकी तारीफ क्यों कर रही हैं?”
“कांग्रेस में गुटबाजी, कमीशन और कन्फ्यूजन” — विक्रांत सिंह
विक्रांत सिंह ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई जनहित का मुद्दा नहीं बचा है। “अब कांग्रेस में विकास नहीं, कमीशन का मिशन चलता है। जिला, प्रदेश या केंद्र — हर जगह कांग्रेस गुटबाजी में उलझी है।”
उन्होंने कहा कि मिशन संडे टीम उन्हीं योजनाओं में भ्रष्टाचार खोज रही है जो कांग्रेस के शासनकाल में बनी थीं — जैसे गौठान योजना, धनेली मैदान, लालपुर तालाब और जल आवर्धन योजना।
विकास योजनाओं में अड़ंगा और ब्लैकमेलिंग के आरोप
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मिशन संडे टीम विकास योजनाओं में राजनीतिक लाभ के लिए अड़ंगा डाल रही है।
विक्रांत सिंह ने कहा, “छुईखदान के डॉक्टर समीर रजक को ब्लैकमेल कर इस्तीफा देने पर मजबूर किया गया। छिंदारी जलाशय की पर्यटन योजना को भी इस टीम ने बर्बाद किया।”
“मिशन संडे या मिशन फंडे?” — विधायक पर उठे सवाल
भाजपा ने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस संगठन खुद मिशन संडे पर कार्रवाई कर रहा है, तो विधायक इसका बचाव क्यों कर रही हैं?
“अगर मिशन संडे विधायक के संरक्षण में चल रहा है, तो वे इसकी जवाबदेही लें,” विक्रांत सिंह ने कहा।
उन्होंने आगे कहा कि सहकारिता में नियुक्तियों के नाम पर वसूली के गंभीर आरोप सामने आए हैं — “ये कोई मिशन संडे नहीं, बल्कि मिशन फंडे है।”
विधायक के भाई के वायरल वीडियो पर भी निशाना
भाजपा नेताओं ने विधायक के भाई के वायरल वीडियो को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “कांग्रेस भाजपा पर गुंडागर्दी का आरोप लगाती है, लेकिन अब विधायक के परिवार की हरकतों की जवाबदेही कौन लेगा?”
“भ्रष्टाचार और गुटबाजी में डूबी कांग्रेस” — भाजपा
भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जिले को करोड़ों की विकास योजनाएं दी जा रही हैं, पर कांग्रेस की आंतरिक लड़ाई इन योजनाओं पर ग्रहण लगा रही है।
“कांग्रेस अब जनता नहीं, अपने फंड और पद के लिए लड़ रही है। जनता सब देख रही है और आने वाले समय में जवाब देगी,” भाजपा नेताओं ने कहा।
राजनीति में गूंजता सवाल — आखिर असली ‘मिशन’ क्या है?
कांग्रेस की “मिशन संडे बनाम संगठन” की लड़ाई अब जिले की राजनीति का सबसे चर्चित विषय बन चुकी है।
अब जनता के बीच एक ही सवाल गूंज रहा है —
👉 क्या मिशन संडे सच में जनसेवा का अभियान है, या कांग्रेस का नया “मिशन फंडे”?
प्रेस वार्ता में उपस्थित रहे:
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजानंद चंद्राकर, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा, भाजपा उपाध्यक्ष नीलिमा महेश गोस्वामी, महामंत्री नवनीत जैन, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आयश सिंह, पार्षद अजय जैन, रूपेंद्र रजक, शैलेन्द्र वर्मा, सुमित टांडिया, मोनिका रजक, रेखा गुप्ता, देवीन कोठले सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



Live Cricket Info
CG Mahtari News Stay Informed, Simply with CG Mahtari News!



