श्रेयांश सिंह:खैरागढ़ –
सोनेसरार (वार्ड क्रमांक..14) – क्षेत्र में लावारिस गायों की बढ़ती समस्या और बंद पड़े गौठान की दुर्दशा को लेकर मिशन संडे की टीम ने आज सोनेसरार स्थित गौठान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां की हालत देखकर टीम के सदस्यों में गहरी नाराज़गी देखी गई। गौठान की दीवारों में दरारें, पानी की टंकी में क्रैक और श्रीकृष्ण भगवान की खंडित मूर्ति जैसी चीजें ऐसी हालत देख प्रशासन की अनदेखी को उजागर करती हैं।

नगर पालिका पर प्रदर्शन, गेट पर बांधीं गायें
मिशन संडे की टीम ने आज नगर पालिका पहुंचकर गायों को वहां के गेट पर बांधा और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गौठान की मरम्मत, संचालन और गायों के रखरखाव की उचित व्यवस्था नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा वर्ष 2020.2021 में शुरू की गई यह गौठान योजना ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लावारिस पशुओं के संरक्षण और पालन हेतु शुरू की गई थी। लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा इसे बंद कर दिए जाने के बाद गायें इधर-उधर भटक रही हैं, सड़कों पर बैठ रही हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और किसानों की फसलें भी बर्बाद हो रही हैं।
निरीक्षण के दौरान गौठान में स्थापित भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति के खंडित होने पर भी प्रतिनिधिमंडल ने नाराजगी जताई। यादव समाज के जिलाध्यक्ष सूर्यकांत यादव और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे आस्था के साथ खिलवाड़ बताया। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन को चेताया कि यदि जल्द ही खंडित मूर्ति को हटाकर नई मूर्ति स्थापित नहीं की गई तो यादव समाज उग्र आंदोलन करेगा।
वार्डवासियों का योगदान बेकार गया
स्थानीय लोगों ने समय-समय पर गौठान में श्रमदान कर वहां गायों को रखने का प्रयास किया। लेकिन शासन-प्रशासन की बेरुखी और उचित देखरेख के अभाव में अब यह गौठान पूरी तरह खंडहर में तब्दील हो चुका है।

मिशन संडे के संयोजक मनराखन देवांगन ने कहा:
“गौ माता के नाम पर राजनीति करने वाली सरकारें जब सत्ता में आती हैं, तो सबसे पहले गौठान जैसे ज़रूरी काम बंद कर देती हैं। अब लावारिस पशु सड़क पर घूम रहे हैं, दुर्घटनाएं हो रही हैं, फसलें बर्बाद हो रही हैं — और प्रशासन चुप है।”

“अगर जल्दी कुछ व्यवस्था दुरुस्त नहीं कराई गई, तो आने वाले दिनों में हम नगर पालिका को कांजी हाउस बनाएंगे — गायों को वहीं लाकर अंदर घुसा देंगे।”
सूचना पर नगर पालिका सीएमओ कार्यालय पहुंचे मिशन संडे की टीम के साथ सभी विषयों पर चर्चा की
मांगें:
- 1. गौठान को तुरंत पुनः शुरू किया जाए।
- 2. खंडित मूर्ति को पुनः स्थापित किया जाए।
- 3. पानी की टंकी और गौठान परिसर की मरम्मत कराई जाए।
- 4. गायों के चारे-पानी की व्यवस्था की जाए।
- 5. गौठान की निगरानी के लिए स्थायी कर्मचारी की नियुक्ति हो।
इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य विप्लव साहू, विधायक प्रतिनिधि अरुण भारद्वाज, पूरन सारथी, रवींद्र सिंह गहरवार, महेश यादव, शेखर दास वैष्णव, सूरज देवांगन कवल टंडन भगवानी कोसरे हरिदर्शन,विनोद सिन्हा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और मिशन संडे टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे
Live Cricket Info
CG Mahtari News Stay Informed, Simply with CG Mahtari News!

