श्रेयांश सिंह:खैरागढ़
मिशन संडे ने आज एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता कर अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और राजनीति से प्रेरित बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया। संगठन ने साफ कर दिया कि ये आरोप व्यक्तिगत रंजिश, राजनीतिक खुन्नस और कमीशनखोरी बंद होने का नतीजा हैं।
मिशन संडे के संयोजक मनराखन देवांगन ने तीखे अंदाज में देवराज किशोर दास पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि “कमीशनखोरों की बासी कहानी को अखबार में छपवाकर मिशन संडे को बदनाम करने की असफल कोशिश की जा रही है, लेकिन सच हमेशा आईना दिखाता है।”
देवांगन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अब मिशन संडे खामोश नहीं बैठेगा। संगठन ने फैसला लिया है कि देवराज किशोर और उनके सहयोगियों को कानूनी नोटिस भेजा जाएगा, और यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो न्यायालय में परिवाद पत्र दाखिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “हमारे ऊपर आरोप लगाने वाले खुद सामने आने की हिम्मत नहीं जुटा सके, यह साबित करता है कि उनके पास कोई सबूत नहीं, सिर्फ झूठे आरोप और गढ़ी हुई कहानियां हैं।”
डॉ. समीर के इस्तीफे को बताया नाटक
देवांगन ने डॉ. समीर रजक के इस्तीफे को लेकर बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि डॉ. समीर की नियुक्ति 31 मार्च 2025 को समाप्त हो गई थी। इसके बाद भी शासन की अनुमति या नियुक्ति आदेश के बिना वह काम कर रहे थे।
इस मामले की शिकायत मिशन संडे द्वारा कलेक्टर से की गई, जिस पर कलेक्टर ने 5 डॉक्टरों की विशेष जांच टीम गठित की।
देवांगन ने कहा,
जांच और कार्रवाई से बचने के लिए इस्तीफा महज एक राजनीतिक नाटक है। यह जनता की सहानुभूति बटोरने का प्रयास है ताकि असली मुद्दे दबे रह सकें।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि देवराज एंड कंपनी का डॉ. समीर पर लगातार निजी सोनोग्राफी सेंटर में मरीज भेजने के लिए दबाव रहता था। इसके एवज में मोटी रकम की कमीशनखोरी होती थी।
डॉ. समीर के इस्तीफे के बाद यह धंधा पूरी तरह ठप पड़ गया, जिसके कारण अब संगठन के खिलाफ झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगाए जा रहे हैं।
विधायक के मार्गदर्शन में जनता के मुद्दे उठा रहा मिशन संडे
- मिशन संडे के संयोजक ने कहा कि यह संगठन खैरागढ़ विधानसभा की लोकप्रिय विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा के मार्गदर्शन में चल रहा है।
 उन्होंने कहा कि मिशन संडे का मुख्य उद्देश्य है जनता की समस्याओं को उठाना और उनका समाधान करना।
- देवांगन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ निष्क्रिय नेता कुर्सी पर चिपके हुए हैं और जनता के मुद्दे उठाने की बजाय राजनीतिक साजिशों में उलझे हैं।
- जब जनता का विश्वास मिशन संडे पर बढ़ रहा है, तब यह लोग बौखलाकर बिना सबूत आरोप लगाने और संगठन को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।”
जिला अध्यक्ष पर तीखा हमला, भाजपा से नजदीकी के आरोप
देवांगन ने प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष पर सीधा हमला बोलते हुए कहा,
जिनका भाई भाजपा का मंडल अध्यक्ष और बहू भाजपा की पूर्व जनपद सदस्य रही हो, उन्हें पहले अपने घर का आईना देखना चाहिए, फिर कांग्रेस को ज्ञान देना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि यह वही नेता हैं जिन्होंने आज तक भाजपा के खिलाफ एक शब्द तक नहीं कहा और न ही कभी कोई आंदोलन किया।
देवांगन ने यह भी याद दिलाया कि लोकसभा चुनाव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को जिला अध्यक्ष के गृह ग्राम में 200 से ज्यादा वोटों से हार का सामना करना पड़ा।
उन्होंने इसे कांग्रेस की कमजोरी और जिला नेतृत्व की नाकामी बताया।
शहर अध्यक्ष भीखम चंद छाजेड़ पर कटाक्ष
मिशन संडे संयोजक ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष भीखम चंद छाजेड़ पर भी कटाक्ष किया।
उन्होंने कहा कि छाजेड़ पिछले 10 वर्षों से कुर्सी पर जमे हुए हैं, लेकिन
इनकी उपलब्धि जनता के सामने शून्य है –
भाजपा के खिलाफ शून्य बयान,
जनता के पक्ष में शून्य आंदोलन
और कार्यकर्ताओं के लिए शून्य संवाद।”
देवांगन ने यह भी आरोप लगाया कि छाजेड़ की खुन्नस का असली कारण यह है कि उन्हें विधायक की फर्म से काम से हटाया गया, जिसके बाद से मिशन संडे उनके लिए गले की हड्डी बन गया है।
ग्रामीण अध्यक्ष पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप
- प्रेस वार्ता में ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष को भी देवांगन ने कटघरे में खड़ा किया।
 उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण अध्यक्ष संगठन को चलाने की बजाय नकद वसूली समिति चला रहे हैं।
- जालबाधा, मड़ोदा, अतरिया, भोरमपुर, उदयपुर और सलोनी जैसी समितियों से लाखों की वसूली हुई,
 लेकिन आज तक नियुक्तियां अधूरी हैं और पैसे कहां गए, इसका कोई हिसाब नहीं है।”
- देवांगन ने इसे कांग्रेस के लिए शर्मनाक स्थिति बताते हुए कहा कि ऐसे भ्रष्ट लोग ही संगठन की छवि खराब कर रहे हैं।
जनता सब देख रही है, जल्द होगी बड़ी कार्रवाई
देवांगन ने अंत में कहा कि मिशन संडे की कार्यशैली जनता देख और समझ रही है।
उन्होंने कहा,
जिला और ब्लॉक अध्यक्ष भाजपा की छतरी तले ठंडी छांव तलाश रहे हैं।
वे जनता के मुद्दे नहीं उठा रहे हैं।
मिशन संडे वह काम कर रहा है जो असल में संगठन को करना चाहिए था।
यही कारण है कि ये लोग हमसे चिढ़े हुए हैं और झूठी शिकायतें कर रहे हैं।”
देवांगन ने घोषणा की कि मिशन संडे जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री के समक्ष जिला व ब्लॉक अध्यक्ष को हटाने की मांग करेगा।
उन्होंने कहा कि
हमें कांग्रेस को कमीशनखोरी के वायरस से मुक्त करना होगा।
जब तक ऐसे लोग संगठन में रहेंगे, तब तक जनता का विश्वास नहीं जीत पाएंगे।”
निष्क्रियता छुपाने के लिए मिशन संडे पर वार
देवांगन ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में जो नेता मिशन संडे पर आरोप लगा रहे हैं, वे अपनी निष्क्रियता और भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए ऐसा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मिशन संडे जनता के मुद्दे उठाकर कांग्रेस को मजबूत कर रहा है, जबकि कुछ नेता भाजपा के साथ गुप्त समझौते कर कांग्रेस को कमजोर करने में लगे हैं।
जनता का भरोसा मिशन संडे के साथ है।
संगठन के भीतर मौजूद कमीशनखोरी की जड़ें उखाड़ने के लिए हम हर स्तर पर लड़ाई जारी रखेंगे।”
Live Cricket Info
 CG Mahtari News Stay Informed, Simply with CG Mahtari News!
CG Mahtari News Stay Informed, Simply with CG Mahtari News!
 

 
 
 
 
 








 
						
 
						
 
						
 
						
 
						
 
						
