विधायक पर हमला, आम जनता असुरक्षित – मनोज गुप्ता ने सरकार को घेरा
श्रेयांश सिंहः खैरागढ़ –
प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) ज़िले के आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि जब प्रदेश में विधायक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी की सुरक्षा भगवान भरोसे है।
उन्होंने बेमेतरा में 12 जुलाई को भाजपा विधायक गुरु खुशवंत साहेब की गाड़ी पर हुई पत्थरबाज़ी को सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता बताया। गुप्ता ने कहा, “यह सुशासन नहीं, खुला गुंडाराज है।”
नेताओं के मौज, जनता पर सजा
मनोज गुप्ता ने छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रियों पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मैनपाट में मस्त हैं, वित्त मंत्री ओपी चौधरी रायगढ़ के तमनार में व्यस्त हैं और गृहमंत्री विजय शर्मा बस्तर में आनंद ले रहे हैं। वहीं, प्रदेश की जनता गुंडों, चाकूबाजों और अपराधियों के डर में जी रही है।
अपराध बेलगाम, जनता बेहाल
गुप्ता ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में चाकूबाज़ी, लूट, चोरी और बलात्कार की घटनाएं आम हो चुकी हैं। राजधानी रायपुर से लेकर केसीजी ज़िले तक अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब पत्रकारों और पुलिसकर्मियों पर भी हमले हो रहे हैं। खुलेआम फायरिंग की घटनाएं हो रही हैं और पुलिस की गश्त व कार्रवाई पर से जनता का भरोसा उठता जा रहा है।
नक्सल क्षेत्रों में फिर डर का साया
उन्होंने कहा कि बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा जैसे नक्सल प्रभावित इलाकों में एक बार फिर हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं। जवानों की शहादत बढ़ती जा रही है, जिससे ग्रामीणों के दिलों में फिर डर घर करने लगा है।
जनता पूछ रही सवाल, गृहमंत्री दें इस्तीफा
मनोज गुप्ता ने कहा कि अब प्रदेश की जनता भाजपा नेताओं को घेर कर सवाल पूछ रही है। यह साफ संकेत है कि जनता का भरोसा सरकार से उठ गया है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कानून व्यवस्था नहीं सुधरी, तो आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता केसीजी ज़िले से लेकर रायपुर तक बड़ा आंदोलन छेड़ेंगे।
गुप्ता ने अंत में मांग की कि गृहमंत्री विजय शर्मा को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए।
Live Cricket Info