श्रेयांश सिंह:खैरागढ़
ब्लॉक के ग्राम पंचायत अकरजन और ठेलकाडीह में रविवार को महतारी सदन निर्माण कार्य का भव्य भूमिपूजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने पूजा-अर्चना कर निर्माण की औपचारिक शुरुआत की। दोनों ग्राम पंचायतों में लगभग 30-30 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा।
महिलाओं को मिलेगा बहुउद्देशीय केंद्र
भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि महतारी सदन महिलाओं के लिए बैठकों, प्रशिक्षणों और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि यह भवन ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता बढ़ाने और उनकी भागीदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
भाजपा सरकार की महत्वपूर्ण पहल
विक्रांत सिंह ने बताया कि भाजपा सरकार ने महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता में रखते हुए महतारी सदन योजना की शुरुआत की है। केंद्र व राज्य सरकार मिलकर ग्रामीण विकास और हर वर्ग को लाभान्वित करने के लक्ष्य पर काम कर रही है।
महिलाओं ने जताया आभार
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री विजय शर्मा और सांसद संतोष पांडे का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं को दी जा रही प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता और अब गांव में महतारी सदन की सुविधा से उन्हें विभिन्न गतिविधियों के संचालन में बड़ी मदद मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू, जिला पंचायत सदस्य दिनेश वर्मा, भुनेश्वरी देवांगन, डॉ. शैलेन्द्र त्रिपाठी, शैलेन्द्र मिश्रा, लखन साहू, गोरेलाल वर्मा, जीवन देवांगन, सुरेश साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद थे। सभी ने महतारी सदन को गांव के विकास का महत्वपूर्ण कदम बताया।
Live Cricket Info
CG Mahtari News Stay Informed, Simply with CG Mahtari News!





