श्रेयांश सिंह खैरागढ़
सोनेसरार वार्ड क्रमांक 14 स्थित गौठान की बदहाल स्थिति को लेकर रविवार को मिशन संडे टीम ने दूसरी बार निरीक्षण किया और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। टीम ने आरोप लगाया कि डेढ़ माह पूर्व किए गए निरीक्षण और विरोध प्रदर्शन के बाद भी कोई ठोस सुधार नहीं हुआ, सिर्फ कागजी कार्रवाई कर खानापूर्ति की जा रही है।
मिशन संडे टीम सुबह 11 बजे गौठान पहुंची, जहां हालात पहले से भी ज्यादा खराब पाए गए। गौठान परिसर में गंदगी, टूटी हुई मूर्तियां, पानी और चारे की कोई व्यवस्था नहीं मिली। आवारा मवेशी अब भी सड़कों पर घूम रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
मनराखन देवांगन ने नगर पालिका पर साधा निशाना
विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि यह गौठान 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार के समय बनाया गया था।
डेढ़ माह पूर्व निरीक्षण के दौरान ही यहां की दुर्दशा देखकर कड़ी निंदा की गई थी और सुधार की मांग की गई थी।
उन्होंने कहा
अधिकारियों ने हल्का-फुल्का सुधार कर सिर्फ औपचारिकता निभाई, लेकिन आवारा मवेशियों को गौठान में नहीं लाया गया। आज भी गायें सड़कों पर हैं, जिससे रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं।”
मनराखन ने यह भी बताया कि कई बार वार्डवासी खुद गायों को पकड़कर नगर पालिका परिसर में छोड़ चुके हैं, लेकिन वहां से भी उन्हें भगा दिया जाता है।
उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गौठान परिसर में भगवान कृष्ण की मूर्ति टूटी हुई है, नंदी की सींग टूटी हुई है और बांसुरी चोरी हो चुकी है।
“निरीक्षण के समय सीएमओ ने कर्मचारियों को तुरंत मूर्ति को कपड़े से ढकने का आदेश दिया था, लेकिन अब तक न कपड़ा लपेटा गया और न ही मरम्मत की गई। यह साफ तौर पर नगर पालिका की लापरवाही दर्शाता है।”
अरुण भारद्वाज बोले – ‘नगर पालिका सिर्फ दिखावा कर रही’
विधायक प्रतिनिधि अरुण भारद्वाज ने कहा कि गौठान योजना सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य आवारा मवेशियों को सुरक्षित स्थान देना था।
“लेकिन खैरागढ़ नगर पालिका ने इस योजना को मजाक बना दिया है। डेढ़ माह पहले भी हमने यहां का निरीक्षण किया था और सुधार की मांग की थी। उस समय सीएमओ ने जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज हम दूसरी बार आए हैं और हालात जस के तस हैं।”
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सुधार नहीं हुआ तो नगर पालिका प्रशासन को इसका जवाब देना होगा और आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
यादव समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी
यादव समाज जिला अध्यक्ष सूर्यकुमार यादव ने कहा कि गोवर्धन पूजा के दिन पूरे प्रदेश में गौठानों में भगवान कृष्ण की पूजा और आरती होती है।
“लेकिन इस गौठान में भगवान की टूटी हुई मूर्ति अब तक नहीं सुधारी गई। अगर दीपावली से पहले मूर्ति का पुनर्निर्माण नहीं किया गया तो यादव समाज कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगा और बड़ा आंदोलन करेगा।”
किसानों की फसल को आवारा मवेशियों से नुकसान
कमलदास टंडन, किसान प्रतिनिधि, ने बताया कि गौठान में न तो पानी की व्यवस्था है और न ही चारे की।
“खेतों में खड़ी धान की फसलें आवारा मवेशियों द्वारा नष्ट की जा रही हैं। जाली तार टूटी हुई है, टंकी सीपेज के कारण रिस रही है। कई बार नगर पालिका को समस्या बताई, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिला।”
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका सिर्फ दिखावा कर रही है और वास्तविकता में कोई व्यवस्था नहीं है।
कलेक्टर का आदेश था नगर पालिका ने को
खैरागढ़ — क्षेत्र में लावारिस गायों की समस्या बढ़ती ही जा रही है।
कलेक्टर ने स्पष्ट आदेश दिए थे कि सभी गायों को गौठान में रखा जाए।लेकिन नगर पालिका ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
मिशनसंडे टीम की मांगें
टीम ने प्रशासन से मांग की कि गौठान को तत्काल दुरुस्त किया जाए, पानी और चारे की स्थायी व्यवस्था की जाए, आवारा मवेशियों को सुरक्षित रखा जाए और भगवान कृष्ण की मूर्ति का शीघ्र पुनर्निर्माण हो।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
इस मौके पर मनराखन देवांगन, अरुण भारद्वाज, दीपक देवांगन (नेता प्रतिपक्ष), सूर्यकुमार यादव, पूरण सारथी, रविंद्र सिंह गहरवार, शेखर दास सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी और समाज के लोग मौजूद रहे।
मिशन संडे टीम ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों में सुधार नहीं हुआ तो खैरागढ़ नगर पालिका के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
Live Cricket Info