श्रेयांश सिंह खैरागढ़
शिक्षक दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित राजभवन दरबार हॉल में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए राज्यपाल शिक्षक सम्मान हेतु चयनित शिक्षकों की सूची जारी की गई। इस सूची में खैरागढ़ की शासकीय प्राथमिक शाला संडी की प्रधान पाठक डॉ. पद्मा साहू का नाम शामिल होने पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
डॉ. साहू ने यह सम्मान प्राप्त कर न केवल संगीत नगरी खैरागढ़ बल्कि पूरे राजनांदगांव जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
2005 से शिक्षा सेवा में समर्पित
डॉ. पद्मा साहू वर्ष 2005 से शिक्षिका के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने शुरुआत से ही बच्चों के प्रति गहरा लगाव और समर्पण भाव दिखाते हुए ईमानदारी व निष्ठा के साथ शैक्षिक कार्य किया है। वे लगातार नवाचारों का प्रयोग कर बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास करती रही हैं।
उनके मार्गदर्शन में विद्यालय में न केवल नियमित उपस्थिति में वृद्धि हुई है, बल्कि अध्ययन-अध्यापन की गुणवत्ता में भी निरंतर सुधार हुआ है। बच्चों को खेल-खेल में सीखाने की अनोखी शैली के कारण छात्र शिक्षा में रुचि लेकर विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हैं।
साहित्य जगत में भी सक्रिय योगदान
शिक्षा के साथ-साथ डॉ. साहू ने साहित्य के क्षेत्र में भी अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उनकी बाल कविताएं, कहानियां और व्याकरण पुस्तकों का प्रकाशन हो चुका है। उनकी कविताओं को बच्चे बड़े उत्साह से पढ़ते हैं और मौखिक अभिव्यक्ति, पठन व लेखन कौशल में निखार लाते हैं।
उन्होंने SCERT द्वारा समग्र शिक्षा अंतर्गत विभिन्न कहानियों का अनुवाद कर बच्चों की पुस्तकालय सामग्री को समृद्ध किया है। इसके अतिरिक्त वे टीएलएम प्रदर्शनी और अन्य शैक्षिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाकर शिक्षण की गुणवत्ता को लगातार बेहतर बना रही हैं।
अनुशासन और मूल्यों पर जोर
डॉ. पद्मा साहू हमेशा बच्चों में अनुशासन, जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों को विकसित करने का प्रयास करती रही हैं। उनके प्रयासों से विद्यालय का शैक्षिक वातावरण अनुकरणीय बन गया है।
पूर्व में भी मिला सम्मान
डॉ. साहू को पूर्व में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण सम्मान, साहित्यिक संस्थाओं और समाजसेवी संगठनों द्वारा कई पुरस्कार मिल चुके हैं।
क्षेत्रवासियों में हर्ष, बधाइयों का तांता
इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी लाल द्विवेदी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी नीलम राजपूत, संकुल समन्वयक प्रयाग सिंह, शिक्षिका फिरोज खान, निहारिका झा, भारती, साहित्यकार डॉ. पी.सी. लाल यादव, सहित अनेक शिक्षकों, सामाजिक बंधुओं और साहित्यिक शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
डॉ. साहू ने इस सम्मान के लिए अपने जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, शाला परिवार और अपने छात्रों के प्रति आभार व्यक्त किया।
डॉ. पद्मा साहू, खैरागढ़ के प्रख्यात अधिवक्ता घम्मन साहू की धर्मपत्नी हैं। उनके इस चयन को पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है।
Live Cricket Info