श्रेयांश सिंह:खैरागढ़
जिले में हुई बे-मौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। फसलों के भारी नुकसान से आक्रोशित हजारों किसान आज जिले के सैकड़ों गांवों से धान की बालियां लेकर खैरागढ़ जिला मुख्यालय पहुंचे। विधायक यशोदा वर्मा के नेतृत्व में किसानों ने कलेक्ट्रेट परिसर के सामने जोरदार प्रदर्शन किया और फसल नुकसान का सर्वे कराकर तत्काल मुआवजा एवं बीमा राशि जारी करने की मांग की।
करीब एक घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के चलते कलेक्ट्रेट के सामने मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। किसानों ने कहा कि हाल की बारिश ने उनकी मेहनत और पूरी फसल को बर्बाद कर दिया। कई किसानों की कटी हुई फसलें सड़ गईं, जबकि खड़ी फसलें गिरकर खराब हो गईं।
प्रदर्शन में शामिल किसानों ने कहा —
हमारी फसलें अब न बेचने लायक रहीं, न खाने लायक। प्रशासन को खेतों में जाकर वास्तविक स्थिति का सर्वे करना चाहिए। हम अपने खेतों से खराब धान की बालियां लेकर आए हैं ताकि सच्चाई प्रशासन देख सके। जब तक नुकसान का सही आकलन कर मुआवजा और बीमा राशि नहीं दी जाती, तब तक किसान चैन से नहीं बैठेंगे।”
किसानों का कहना था कि इस बार उन्हें पर्याप्त मात्रा में खाद भी नहीं मिल पाया, जिससे फसल उत्पादन पहले ही प्रभावित हुआ था। अब बारिश ने रही-सही उम्मीद भी खत्म कर दी। अधिकांश किसान कर्ज में डूबे हैं और राहत के इंतजार में हैं।
प्रदर्शन के बाद किसानों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि अगर शीघ्र सर्वे कर मुआवजा नहीं दिया गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
इस मौके पर विधायक यशोदा वर्मा, मनराखन देवांगन, अरुण भारद्वाज, नदीम मेमन, और नीलांबर वर्मा सहित कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे और किसानों की मांगों का समर्थन किया।
Live Cricket Info
CG Mahtari News Stay Informed, Simply with CG Mahtari News!





