कार्तिक पूर्णिमा पर खैरागढ़ महादेव घाट में उमड़ी श्रद्धा की अविरल धारा, सुबह से शाम तक गूंजता रहा “हर-हर महादेव
श्रेयांश सिंह:खैरागढ़
पवित्र कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार की सुबह खैरागढ़ का ऐतिहासिक महादेव घाट आस्था और श्रद्धा से सराबोर हो उठा। भोर की पहली किरण के साथ ही महिलाएं और पुरुष स्नान के लिए घाट की ओर उमड़ पड़े। सुबह 4 बजे से ही घाट पर श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। करीब 300 से 400 लोगों ने पवित्र स्नान कर भगवान महादेव का जलाभिषेक किया।
हिंदू परंपरा के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर ब्रह्ममुहूर्त में स्नान और भगवान शंकर की आराधना अत्यंत शुभ मानी जाती है। इसी आस्था के साथ महिलाएं साड़ी और चुनरी ओढ़े, पुरुष पारंपरिक पोशाक में ‘हर हर महादेव’ का जयघोष करते हुए घाट पर पहुंचे।
सुबह से उमड़ा जनसैलाब
घाट परिसर में महिलाओं ने दीप प्रज्वलित कर आरती की और घर-परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। आसपास के वार्ड के लोग बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। नगर के युवाओं ने घाट की सफाई व्यवस्था में सहयोग किया।
शाम को भव्य गंगा आरती का आयोजन
आज शाम 6 बजे से महादेव घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन होगा।
पिछले वर्ष लगभग 1200 श्रद्धालु इस आरती में शामिल हुए थे और घाट पर दीपदान से दृश्य अद्भुत बना था। इस वर्ष समिति को उससे भी अधिक भीड़ की उम्मीद है। घाट पर रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है।
घाट पर दीपदान के लिए विशेष लाइट लगाए गए हैं खैरागढ़ के पांच सुप्रसिद्ध महाराज — घनश्याम तिवारी, गुलशन तिवारी सहित अन्य — गंगा आरती का नेतृत्व करेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा आकर्षण का केंद्र
गंगा आरती के बाद शाम 6 से 8 बजे तक सुप्रसिद्ध स्थानीय कलाकारों की दुनिया द्वारा भक्ति संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुति का आयोजन होगा।
‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच भक्तों को भजन और आरती के माध्यम से आध्यात्मिक अनुभव कराया जाएगा।
समिति ने की तैयारियां, हजारों भक्तों के लिए रहेगा भव्य प्रसाद
महादेव घाट समिति के संयोजक अरुण भारद्वाज एवं सहयोगी मनराखन देवांगन, दिनेश गुप्ता, सुरेश ठाकुर ने बताया कि घाट पर शिवलिंग की स्थापना वर्षों पुरानी है और यहां प्रतिदिन पूजा-अर्चना होती है।
उन्होंने कहा— “गंगा आरती में महिलाओं की विशेष भागीदारी रहती है। हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। इस बार के प्रसाद में पुलाव और टमाटर की सब्जी रखी गई है।”
समिति के सदस्यों ने बताया कि घाट परिसर में बड़े पंडाल लगाए गए हैं, बिजली व्यवस्था और प्रसाद वितरण की जिम्मेदारी स्वयंसेवकों को दी गई है।
श्रद्धा और भक्ति का संगम बनेगा महादेव घाट
आज शाम महादेव घाट एक बार फिर भक्ति और आस्था का केंद्र बनेगा। दीपों की कतारें, गंगा आरती की गूंज और महादेव के जयघोष से पूरा घाट प्रकाशमय हो उठेगा।
Live Cricket Info
CG Mahtari News Stay Informed, Simply with CG Mahtari News!






